भाबर के जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान में स्टील फैक्ट्रियों द्वारा लगातार प्रदूषण फैलाए जाने की शिकायत पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अधिकारियों से खराब कच्चा माल इस्तेमाल करने वाली फैक्ट्रियों और प्लांटों में ग्राइंडर मशीनों के इस्तेमाल पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने बोर्ड द्वारा शीघ्र कार्रवाई न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान स्थित स्टील फैक्ट्रियों में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की टीम निरीक्षण करने पहुंची। अधिकारियों के पहुंचने की खबर पाते ही स्थानीय ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल उनके पास पहुंचा और हंगामा काटते हुए स्टील प्लांटों का निरीक्षण करने की बात कही।
बताया कि स्टील प्लांटों द्वारा रात के समय खराब कच्चे माल का इस्तेमाल करते हैं, जिसके कारण अत्यधिक प्रदूषण होता है। उन्होंने अधिकारियों को प्लांटों के अंदर अवैध रूप से स्लेग पीसने के लिए संचालित होने वाली ग्राइंडर मशीनों को दिखाते हुए बंद करवाने की मांग की। हंगामा काटने वालों में उमेंद्र बडोला, देशबंधु गढ़वाली, अनिल बडोला, लक्की कुमार, वेद प्रकाश ध्यानी, अजय कुमार, अर्जुन सिंह व राजेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।