देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की उनकी पैतृक गांव में भव्य प्रतिमा लगाने की तैयारी चल रही है। बीते 11 मई को द्वारीखाल विकासखंड की बिरमोली ग्राम पंचायत स्थित सैंण गांव के कार्यक्रम में इसकी घोषणा की गई थी। प्रतिमा राजस्थान के जयपुर में बनकर तैयार हो रही है। गांव से उनके परिजनों ने जयपुर पहुंचकर प्रतिमा का निरीक्षण किया।
जनरल बिपिन रावत के गांव को गोद लेने वाली महाराष्ट्र के लातूर की संस्था डॉ. हरिवंश राय बच्चन प्रबोधन प्रतिष्ठान (एचबीपीपी) के संस्थापक निवृत्ति यादव ने बताया कि प्रतिमा बनाने का काम जयपुर में चल रहा है। जयपुर में ही जनरल रावत के छोटे भाई कर्नल विजय सिंह रावत (से.नि.) निवास करते हैं। उनकी देखरेख में प्रतिमा बन रही है। सैंण गांव से जनरल के चाचा भरत सिंह रावत व अन्य परिजनों के साथ ही उद्योगपति देवीप्रसाद बडोनी, इंजीनियर अनिल नैथानी ने जयपुर पहुंचकर प्रतिमा निर्माण का काम देखा और इसे बनाने वाले प्रसिद्ध मूर्तिकार ओमप्रकाश शर्मा से मुलाकात की। प्रतिमा की ऊंचाई करीब 6 फीट है।
बताया कि प्रतिमा का निर्माण कार्य पूरा हो जाने पर आठ दिसंबर को गांव में बड़ा धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देशभर के साधु संत और विद्वान शामिल होंगे।