कोटद्वार। बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिला फुटबॉल एसोसिएशन पौड़ी गढ़वाल एवं कोटद्वार फुटबॉल संघ की ओर से शनिवार को शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, गाड़ीघाट में अंडर-12 ग्रास रूट फुटबॉल कप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आठ विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में टीमों को चार-चार के दो ग्रुपों में बांटकर लीग मुकाबले कराए गए। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। फाइनल में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट और बाल भारती स्कूल की टीमें आमने-सामने रहीं। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद टाई-ब्रेकर में सेंट जोसेफ कॉन्वेंट ने बाल भारती स्कूल को 5-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं तीसरे स्थान के मुकाबले में जीत दर्ज कर आरपी पब्लिक स्कूल, तेलीपाड़ा ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में एनआईएस फुटबॉल कोच महेंद्र रावत, खेलो इंडिया कोच शिवा चौधरी, आयोजक सचिव सिद्धार्थ रावत ने विजेता, उपविजेता व तीसरे स्थान पर रही टीम को ट्राफी, मेडल देकर सम्मानित किया।