सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अकादमी और तक्षशिला आईएएस अकादमी की ओर से एसएसबी अकादमी में उत्तराखंड पुलिस उप निरीक्षक की तैयारी कर रही युवतियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। इन्हें 15 दिनों तक अकादमी के मैदान में विभिन्न शारीरिक क्रियाकलापों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार से एसएसबी अकादमी में शिविर के शुरू होने पर कमांडेंट (प्रशिक्षण) संजय कुमार ने युवतियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवतियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पहले दिन युवतियों का वार्म कराने के साथ ही सामान्य क्रियाओं का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम संयोजक तक्षशिला अकादमी के निदेशक नवीन प्रकाश नौटियाल ने अकादमी की ओर से प्रशिक्षण देने के लिए नवरात्र के मौके पर नारी शक्ति के उत्थान के लिए बेहतर कदम बताया। कहा कि अकादमी में लंबी कूद, शटल रेस, गेंद फेंक और दौड़ का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में केंद्रीय गढ़वाल विवि में अध्ययनरत 85 छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तक्षशिला अकादमी में उप निरीक्षक की लिखित परीक्षा की नि:शुल्क तैयारी कराएगी, ताकि उत्तराखंड पुलिस की तैयारी कर रही युवतियों की महिला दारोगा बनने की राह आसान हो।
एसएसबी के उप निरीक्षक भास्करानंद जोशी, हेड कांस्टेबल चतर सिंह और मनोरमा देवी आदि प्रशिक्षण दे रहे हैं।