श्रीनगर। रोडवेज डिपो श्रीनगर के कर्मचारियों को दो माह से वेतन न मिलने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। निगम की ओर से अब केवल एक माह का वेतन जारी किया जा रहा है, वह भी देरी से, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है।रोडवेज डिपो श्रीनगर के अकाउंटेंट अशोक काला ने बताया कि निगम के अंतर्गत डिपो में 45 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें संविदा, नियमित, एजेंसी, पीआरडी और विशेष श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। इनमें से अधिकतर अल्पवेतनभोगी हैं और आजीविका का दूसरा कोई साधन न होने से पूरी तरह इसी वेतन पर निर्भर हैं। संयुक्त परिषद शाखा अध्यक्ष विनोद गुसाईं ने कहा कि कर्मचारी हर परिस्थिति में सेवा देने को तत्पर रहते हैं। आपदा जैसी कठिन घड़ी में भी कर्मचारियों ने ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाई है, लेकिन समय से वेतन न मिलने से उनका मनोबल टूट रहा है। देर से वेतन मिलने के कारण उन्हें घर का खर्च, बच्चों की फीस और अन्य जरूरतों को पूरा करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंडलीय प्रबंधक (संचालन) सुरेश चौहान का कहना है कि वर्तमान में आपदा और मार्ग अवरुद्ध होने से निगम की आय प्रभावित हुई है। स्थिति सामान्य होते ही लंबित वेतन शीघ्र जारी कर दिया जाएगा।