राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर में आंदोलनरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों और प्राचार्य के बीच टकराव बढ़ गया है। कालेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने राजकीय संयुक्त कर्मचारी संघ के मंडलीय अध्यक्ष केएन भट्ट पर अभद्र व्यवहार करने और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
वहीं, भट्ट ने कहा कि यदि वह अपनी समस्या संस्थान के मुखिया को नहीं बताएगे, तो किसे बताएंगे।
यहां बता दें कि मेडिकल कालेज के दैनिक कर्मचारी वेतन भुगतान के लिए दो माह से आंदोलनरत हैं।
मंगलवार को सचिव के मौखिक आदेश और चिकित्सा शिक्षा निदेशक के लिखित आदेश पर प्राचार्य ने वेतन भुगतान के आदेश जारी किए। पूर्व में आदेश जारी होने के बावजूद वेतन भुगतान में देरी होने से नाराज दैनिक कर्मचारी बुधवार को भट्ट की अगुवाई में कालेज पहुंचे।
प्राचार्य प्रो. रावत का कहना है कि वह कैंपस के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान भट्ट ने उनकी कार का दरवाजा खोल दिया। उनका इरादा ठीक नहीं लगा। इसलिए पुलिस को मौके पर बुलाया गया। उन्हें कर्मचारियों से वार्ता करने में कोई दिक्कत नहीं थी। प्रो. रावत ने बताया कि पुलिस को पूरा घटनाक्रम लिखित में दे दिया गया है।
भट्ट का कहना है कि वह तो कर्मचारियों के साथ वेतन भुगतान करने का निवेदन करने गए थे, लेकिन प्राचार्य ने पुलिस बुला ली। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राचार्य के पास कर्मचारियों से बात करने का वक्त नहीं है। दैनिक कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद भट्ट ने कहा कि प्राचार्य ने कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए वार्ता से इनकार कर दिया।