इलेक्टि्रक इंजन के पेंटोग्राफ में आकर फंस गई थी पेड़ की टहनी
आउटर पर खड़ी रही ट्रेन, लोगों को पैदल नापना पड़ा रास्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। बीती रात कोटद्वार से नजीबाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन पर पेड़ की टहनी टूटकर गिरने से तेज स्पार्किंग हुई। धमाके के साथ इलेक्टि्रक इंजन के पेंटोग्राफ से खूब अंगारे गिरे। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मची रही। नजीबाबाद में होम सिग्नल पर पहुंचकर इंजन में खराबी आने से ट्रेन के पहिये जाम हो गए।
बृहस्पतिवार शाम 6:45 बजे कोटद्वार से पैसेंजर ट्रेन नजीबाबाद के लिए रवाना हुई। कुछ फासले पर सनेह रोड स्टेशन से नजीबाबाद की ओर बढ़ने के बाद तीन अलग-अलग जगहों पर रेल ट्रैक की ओवरहेड विद्युत लाइन से सटे इलेक्टि्रक इंजन के पेंटोग्राफ में धमाके के साथ अंगारे गिरे। पल भर के लिए आग लगने जैसी रोशनी आसपास फैलने, तेज धमाका होने और अंगारे गिरने से किसी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दौरान ट्रेन को कहीं नहीं रोका गया। गनीमत रही कि कोई घटना नहीं हुई।
ट्रेन देर शाम 7:20 बजे नजीबाबाद रेलवे स्टेशन के होम सिग्नल पर पहुंचकर खड़ी हो गई। चालक दल ने सर्च लाइट से इंजन के ऊपरी हिस्से और आसपास काफी छानबीन की। घटना की बाबत रेलवे की ओवरहेड विद्युत लाइन की देखभाल करने वाले विभाग टीआरडी के सेक्शन इंजीनियर को बताया गया। 7:50 बजे टीआरडी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पेंट्रोग्राफ में फंसी पेड़ की टहनी को निकाला। इसके बाद ट्रेन 40 मिनट विलंब से रात 8:10 मिनट पर नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
इससे पहले नजीबाबाद में होम सिग्नल पर ट्रेन रुकते ही किसी घटना की आशंका को हुए देखते हुए कुछ ही मिनट में ट्रेन खाली हो गई और यात्री घने अंधेरे में रेल ट्रैक से पैदल चलकर गंतव्य को रवाना हो गए।
.