कोटद्वार। देश-विदेश में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में करीब दो दर्जन अवार्ड जीतने वाली फिल्म निर्माता निर्देशक उर्मि नेगी द्वारा निर्मित उत्तराखंड की लोकप्रिय गढ़वाली फिल्म बथों-सुबैरो घाम-2 का सुप्रसिद्ध गीत डारि को छुट्यूं-छट्यूं.... यू-ट्यूब पर रिलीज हो चुका है। निर्माता-निर्देशक उर्मि नेगी के निजी सहायक चंद्रमोहन जदली ने बताया कि इस लोकप्रिय गीत को उत्तराखंड के सुर सम्राट नरेंद्र सिंह नेगी ने अपनी आवाज दी है। फिल्म में उत्तराखंड की स्वर कोकिला अनुराधा निराला व पद्मश्री डॉ. प्रीतम भरतवान ने भी यादगार गीत गाए हैं। ये पहले ही उर्मि नेगी ऑफिशियल यूट्यूब पर अपलोड किए जा चुके हैं। फिल्म के सभी गीतों को उर्मि नेगी के ऑफिशियल यू-ट्यूब चैनल पर देखा जा सकता हैं। संवाद
माह में दो दिन कोटद्वार में बैठें डीएम
कोटद्वार। श्री नरेंद्र भाई मोदी विचार मंच ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर कोटद्वार को जिला बनाने के लिए प्रस्ताव पास करने और जिला अस्तित्व में आने तक महीने में कम से कम दो दिन जिलाधिकारी के कोटद्वार में बैठने की मांग की। पत्र में कहा कि कोटद्वार नगर निगम तो बन गया है लेकिन जिला नहीं बन पाने के कारण यहां जिलाधिकारी कार्यालय नहीं बना जबकि बड़ी धनराशि खर्च कर जिलाधिकारी आवास बनवाया है। कोटद्वार में जिला मुख्यालय से जुड़ी आमजन की कई समस्याओं का उल्लेख करते हुए मंच के सदस्यों ने कोटद्वार को जिला घोषित करने और यहां नियमित रूप से जिलाधिकारी की तैनाती करने की मांग की। संगठन के अध्यक्ष सीपी डोबरियाल ने कहा कि डीएम के व्यस्त कार्यक्रम के कारण वे दो बार पौड़ी जाने के बाद भी डीएम से नहीं मिल सके। संवाद