नाथूपुर गांव में सोलर फेंसिंग का कार्य शुरू, वन्यजीवों से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
- जंगली जानवर क्षेत्र में फसलों व बागवानी को पहुंचा रहे नुकसान
दुगड्डा (कोटद्वार)। दुगड्डा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिमलचौड़ के राजस्व ग्राम नाथूपुर में वन विभाग की ओर से सोलर फेंसिंग (तारबाड़) लगाने की कवायद शुरू कर दी गई है। जल्द ही ग्रामीणों को हाथी समेत अन्य वन्यजीवों के उत्पात से निजात मिलेगी।
लैंसडौन वन प्रभाग के दुगड्डा रेंज से सटे नाथूपुर गांव में हाथी, भालू, बंदर समेत अन्य वन्यजीव लगातार ग्रामीणों की फसलों व बागवानी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हाथी झुंड जहां पिछले तीन साल से केले के पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहा है, वहीं भालू, सांभर, बंदर भी गांव में आम, अमरूद के पेड़ों, साग सब्जी समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन्यजीवों से परेशान ग्रामीण लगातार वनसीमा पर सोलर फेंसिंग लगाने की मांग करते आ रहे थे।
ग्रामीणों की मांग पर दुगड्डा रेंज कार्यालय की ओर से गांव में सोलर फेंसिंग करेन का प्रस्ताव भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद गांव में करीब नौ सौ मीटर सोलर फेंसिंग लगाने के लिए वन विभाग की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। वर्तमान में पोल लगाने का कार्य कराया जा रहा है।
.
.
नाथूपुर गांव में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने के कारण गांव में सोलर फेंसिंग करने का कार्य कराया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद वन्यजीवों की गांव में आवाजाही पर अंकुश लग सकेगा।
- उमेश चंद्र जोशी, रेंज अधिकारी दुगड्डा।