कोटद्वार। शहर के नजीबाबाद रोड स्थित रमेश नगर में एक महिला से दिनदहाड़े पैसों से भरा पर्स छीनने का मामला प्रकाश में आया है। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने टप्पेबाज को दबोच लिया। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
काशीरामपुर निवासी हंसी थपलियाल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह नजीबाबाद रोड पर एक एटीएम से 14 हजार रुपये निकालकर बाजार की ओर आ रही थीं। रमेश नगर के समीप उसके पीछे एक युवक भागता हुआ आया और उसके हाथ से पर्स छीनकर भागने लगा। युवक को भागता देख महिला चोर-चोर चिल्लाने लगी। शोर सुनकर पास की दुकान में खड़े कुछ युवकों ने उसका पीछा किया और उसे कुछ दूरी पर दबोच लिया। युवकों ने टप्पेबाज की जमकर धुनाई कर डाली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़कर बाजार चौकी ले आई। बाजार चौकी इंचार्ज प्रदीप नेगी ने बताया कि टप्पेबाज को हिरासत में ले लिया गया है। उसकी पहचान अहसान पुत्र अब्दुल मजीद निवासी लकड़ी पड़ाव कोटद्वार के रूप में हुई है। महिला की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ लूट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-फोटो