पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों का सामान किया बरामद
कोटद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोटद्वार पुलिस ने कुख्यात पिल्ला गैंग के चार सदस्यों और दो किशोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत का चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है।
कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि हरसिंहपुर बालासौड़ निवासी प्रदीप कुकरेती ने घर से बाहर रहने के दौरान गत तीन जून को हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं जल निगम कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में भी ताला तोड़कर नकबजनी की घटना को अंजाम दिया गया था। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटनाओं के खुलासे के लिए गठित विशेष टीमों ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस ने काशीरामपुर तल्ला मार्ग पर गबर सिंह कैंप के सामने से आरोपियों को सोमवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में प्रमिंद्र उर्फ पप्पी निवासी कौड़िया, अमन कुमार निवासी सूर्या नगर, सुरेंद्र उर्फ सनम निवासी सजवाण कॉलोनी, कोटद्वार और तसलीम अहमद उर्फ काला निवासी जाब्तागंज, नजीबाबाद, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
पहले भी चर्चाओं में रहा है पिल्ला गैंग
कोतवाल प्रदीप नेगी के अनुसार पिल्ला गैंग के सदस्य पहले भी कई बार कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटनाओं में चर्चा में रहे हैं। गैंग का सरगना पप्पी दिवाली की रात झंडाचौक पर सीने पर स्काई शॉट रखकर आतिशबाजी करने और होली के दौरान लालबत्ती चौक पर मारपीट की घटना को लेकर भी सुर्खियों में रह चुका है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।