देवप्रयाग। संगम रोड स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से चोर ने चांदी के गहने व कुछ कैश चोरी कर लिया। सोने के गहने तिजोरी में होने के कारण चोर बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे पाया। चोर काउंटर में रखे 1500 रुपये व चांदी के कुछ गहने लेकर भाग निकले। एक चोर दुकान में लगाए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जबकि उसका एक साथी दुकान के बाहर दिखाई दे रहा है। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को इसकी मौखिक सूचना दी है। जानकारी के अनुसार, सोमवार मध्यरात्रि चोरों ने संगम बाजार में स्थित लिंगवाल ज्वैलर्स की दुकान के शटर को दोनों ओर से जैक से उठाकर मोड़ दिया। उसके बाद एक चोर दुकान के अंदर घुस गया। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में चोर दुकान के अंदर वारदात को अंजाम देता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। दुकान के अंदर तिजोरी का पता न चलने पर वह काउंटर में रखे लगभग 1500 रुपये और कुछ चांदी के गहने चुराकर भाग गया। दुकान के अंदर घुसने के बाद चोर दो बार बाहर आकर अपने दूसरे साथी से बाहर की गतिविधियों का जायजा लेता रहा। दुकान का शटर क्षतिग्रस्त होने की सूचना लोगों ने सुबह दुकान के मालिक को दी। पीड़ित दुकानदार प्रदीप लिंगवाल ने इसकी सूचना पुलिस थाने को दी है, हालांकि अभी उन्होंने इसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई है।