कोटद्वार/पौड़ी। पोखड़ा ब्लाक के देवकुंडाई गांव में खेतों में अपनी मां के साथ गए दो बच्चों पर गुलदार ने हमला कर दिया। परिजनों ने घायल बच्चों को कोटद्वार के बेस अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना शुक्रवार दिन की बताई जा रही है। शनिवार को परिजनों की ओर से स्थानीय राजस्व पुलिस और वन विभाग को घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को भाई-बहन राघव (9) और राखी (11) पुत्री दलवीर सिंह अपनी मां के साथ गांव के पास खेतों में घास के लिए गए थे। तभी घात लगाए गुलदार ने बच्चों पर हमला कर दिया। भाई राघव को बचाने के लिए बहन राखी ने शोर मचाया और भाई के ऊपर लेट गई। गुलदार ने राखी को बुरी तरह जख्मी कर दिया। इस दौरान उनकी मां ने शोर मचा दिया, जिससे गुलदार भाग गया। गुलदार के हमले में राखी जहां बुरी तरह जख्मी हो गई, वहीं राघव भी जख्मी हुआ है। दोनों बच्चों के पिता दलवीर सिंह वाहन चालक हैं और वह भी काफी दिनों से बीमार चल रहे हैं। कोटद्वार हास्पिटल में घायल बच्चों के साथ उनकी मौसी है। क्षेत्र के समाज सेवी कविंद्र इष्टवाल ने बताया कि वन विभाग ने भी 15 हजार की मदद कर अपना पल्ला झाड़ लिया है। शासन-प्रशासन की बेरुखी का आलम यह है कि घायलों को हायर सेंटर ले जाने की व्यवस्था तक नहीं की गई।
चौबट्टाखाल के पट्टी सैंधार के पटवारी कांता प्रसाद ने बताया कि घटना की जानकारी शनिवार को लगी। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। गुलदार के हमले की घटना से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
-फोटो