ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल मार्ग परियोजना के लिए सामाजिक समाघात निर्धारण (एसआईए) अध्ययन के बाद बाद अब प्रभावित क्षेत्रों में जनसुनवाई होगी। 27 सितंबर से विभिन्न क्षेत्रों में होने वाली जनसुनवाई में एसआईए रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इस मौके पर प्रभावित परिवारों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे जाएंगे। इन सुझावों को पुनरीक्षित सामाजिक समाघात रिपोर्ट और प्रबंध योजना में सम्मिलित किया जाएगा।
रेल मार्ग परियोजना के लिए पौड़ी जिले की श्रीनगर तहसील के 12 और पौड़ी तहसील के एक गांव/क्षेत्र की निजी नापभूमि को अधिग्रहीत किया जाना है। उप जिलाधिकारी रजा अब्बास ने बताया कि रिपोर्ट के निष्कर्षों को स्पष्ट करने, पुष्टि करने और उन्हें भूमि अधिग्रहण संबंधी अंतिम दस्तावेज में सम्मिलित करने के लिए प्रभावित परिवारों और जनप्रतिनिधियों के मत लेने के लिए जनसुनवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्रभावितों के अलावा संबंधित निकाय/ग्राम पंचायत के भूमि अर्जन संबंधी कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे।
यहां होगी जनसुनवाई
27 सितंबर सौड़
28 सितंबर चिलगढ़ मल्ला व तल्ला और जनासू की जनसुनवाई खंदूखाल में
29 सितंबर पुराना श्रीनगर, कोठड़ की जनसुनवाई तहसील सभागार श्रीनगर में
30 सितंबर श्रीकोट गंगानाली व स्वीत की जनसुनवाई श्रीकोट गंगानाली में
01 अक्तूबर ढामक, डुंगरीपंथ, पंथ लग्गा, दिखोल्यूं व और बागवान लग्गा चोपड़ा की जनसुनवाई डुंगरीपंथ में