राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलाऊ के जर्जर कमरों में छात्र-छात्राएं जान हथेली पर रखकर विद्या ग्रहण कर रहे हैं। इस स्कूल के पास अपनी जमीन तो है लेकिन उस पर निर्माण नहीं हो सका है। पीटीए (पेरेंट्स टीचर एसोसिएशन) ने स्कूल भवन निर्माण और शिक्षकों की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा है।
सोमवार को विद्यालय में आयोजित शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक में जहां लगातार गजेंद्र सिंह नेगी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया, वहीं प्रधानाध्यापक कुलदीप सिंह नेगी को उपाध्यक्ष, गफ्फार अहमद सचिव, पीतांबरी देवी को कोषाध्यक्ष और इंदू देवी, संगीता देवी, संजू देवी को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया है। पीटीए ने विद्यालय में महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त होने पर चिंता जताते हुए शासन से अतिशीघ्र शिक्षकों की तैनाती की मांग की है।
प्रधानाध्यापक कुलदीप सिंह नेगी का कहना है कि ग्रामीणों ने स्कूल के लिए निशुल्क जमीन उपलब्ध कराई है जिसकी रजिस्ट्री स्कूल के नाम पर हो चुकी है। भवन निर्माण का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। अधिकारियों ने जल्द ही शिक्षकों की कमी पूरी करने का भरोसा दिया है। बता दें कि नैनीडांडा विकासखंड के सुदूरवर्ती दुर्गम इलाके में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलाऊ 2014 में खोला गया था।