सतपुली। राजकीय महाविद्यालय सतपुली के छात्रसंघ चुनावों में एनएसयूआई का परचम लहरा उठा। एनएसयूआई के पैनल के सभी प्रत्याशियों ने एबीवीपी एवं आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन सीवाईएसएस के पैनल के प्रत्याशियों को हराकर सभी पदों पर कब्जा कर लिया।
अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के सन्नी रावत ने कांटे के मुकाबले में 139 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी एबीवीपी की पायल नेगी को 18 मतों से पराजित कर दिया। पायल को 121 वोट मिले। सीवाईएसएस की प्रत्याशी पायस उपाध्याय मात्र 48 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रही।
सचिव पद पर राजीव मोहन (133) ने अजय सिंह (104) को 29 वोटों से शिकस्त दी। सीवाईएसएस प्रत्याशी मयंक को 55 मत मिले। उपाध्यक्ष पद के सीधे मुकाबले में हनुमान सिंह (158) ने शिवानी (119) को 39 मतों से हराया। सह-सचिव के लिए मीनाक्षी (194) ने प्रदीप कुमार (86) को 108 मतों के भारी अंतर से पराजित किया, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर मनीष कुमार (143) ने अंकिता (83) को 60 मतों के अंतर से पराजित किया। नीरज कुमार 68 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
विश्वविद्यालय प्रत्याशी (यूआर) पद पर मनीष कुमार (127) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पंकज सिंह (103) को 24 मतों से पछाड़ा। यूआर के तीसरे प्रत्याशी प्रशांत सिंह को 62 मत मिले। कुल 354 मतदाताओं में से 311 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीन मत अवैध घोषित किए गए। चुनाव परिणामों के बाद महाविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी विजयी छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
चुनाव प्राचार्य डा. राकेश इष्टवाल एवं मुख्य चुनाव अधिकारी डा. दीप्ति माहेश्वरी की देखरेख में संपन्न हुए। विजयी प्रत्याशियों ने जीत के बाद कस्बे के मुख्य बाजार में ढोल नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला। इससे पहले महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनावों को लेकर सुबह से गहमागहमी रही। एनएसयूआई एवं एबीवीपी के बीच आपकी टकराव को देखते हुए किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए थानाध्यक्ष सतपुली मो. यूनूस मय फोर्स मतदान शुरू होने से शपथ ग्रहण समारोह तक डटे रहे।
फोटो समाचार