कोरोना संक्रमित युवा व्यापारी और एक कोरोना संदिग्ध वृद्ध की मौत हो गई। दो लोगों की मौत और आठ लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद व्यापार मंडल सतपुली ने 15 मई तक सतपुली बाजार बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान कोई भी दुकान नहीं खुलेगी।
सतपुली के युवा व्यवसायी विनोद रावत (48) का कोरोना से एम्स अस्पताल ऋषिकेश में निधन हो गया। वह एक सप्ताह से एम्स में भर्ती थे। शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया। युवा व्यवसायी के निधन पर क्षेत्रीय विधायक व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, नगर पंचायत अध्यक्ष अंजना वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष जयदीप नेगी समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने शोक जताया। उधर, सतपुली में एक कोरोना संदिग्ध 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वृद्ध में कोरोना के लक्षण पाए जाने के बाद उनका आरटीपीसीआर के लिए सैंपल लिया गया है। शुक्रवार सुबह उनका निधन होने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए पुलिस से सहायता मांगी। थानाध्यक्ष सतपुली संतोष पैथवाल ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने पीपी किट पहनकर दंगलेश्वर घाट पर मृतक के अंतिम संस्कार में परिजनों की मदद की। व्यापार मंडल अध्यक्ष जयदीप नेगी ने बताया कि बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए 15 मई तक के लिए सतपुली बाजार को संपूर्ण बंद कर दिया गया है।
213 लोग हुए कोरोना संक्रमित
कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में 136 लोगों समेत निकटवर्ती क्षेत्रों के 213 लोग कोरोना संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग सभी संक्रमितों को आइसोलेट करने में जुटा हुआ है। सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में बेस अस्पताल के दो फार्मेसिस्टों समेत 136 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा द्वारीखाल, एकेश्वर, जयहरीखाल ब्लाक समेत कई क्षेत्रों में लोग संक्रमित मिले। वहीं कोटद्वार के कौड़िया चेक पोस्ट और ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम से पौड़ी जिले में प्रवेश करने वाले 39 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमितों को आइसोलेट किया जाएगा।
हंस अस्पताल समेत के छह कर्मी समेत आठ लोग संक्रमित
सतपुली। द हंस फाउंडेशन जनरल अस्पताल चमोलीसैंण में शुक्रवार को मेडिकल सुपरिटेंडेंट सहित छह कर्मी कोरोना संक्रमित मिले। अस्पताल के छह लोगों को मिलाकर सतपुली क्षेत्र में कुल 8 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। हंस फाउंडेशन के सभी कर्मियों को अस्पताल परिसर में बने कोविड आइसोलेशन सेंटर में भेजा गया है, जबकि अन्य दोनों को सतपुली चिकित्सालय में बने कोविड आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कर दिया गया है।