कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक के माध्यमिक विद्यालयों की राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम गाड़ीघाट में चल रही तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। क्रॉस कंट्री दौड़ में सलमान और मनीषा थापा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।अंतिम दिन की प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं खेल प्रेमी धीरेंद्र कंडारी ने किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी है। खेलों से स्वास्थ्य उत्तम रहता है और मानसिक और शारीरिक विकास भी होता है। इस मौके पर हुई सब जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राहुल, अनुरोध, आदित्य, बालिका वर्ग में सुहाना, राखी, रितिका ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में विक्की, राहुल, अनुरोध क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हैप्पी, वंश कुमार, गोपाल और सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में विवेक, भूपेंद्र कुमार, प्रियांशु ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाया।
बालक वर्ग की क्रॉस कंट्री दौड़ में सलमान, रोशन सैनी, अंशवीर चौहान और बालिका वर्ग में मनीषा थापा, राखी, शिवानी नेगी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता को संपन्न कराने में विनोद पंत, सिद्धार्थ कोटनाला, सुरेश सिंह, महेश कुकरेती, राजवीर सिंह यादव, संजय शर्मा, विनय रावत, सचिन कुमार, उमेश चंद्र, कलावती आदि व्यायाम शिक्षकों ने सहयोग किया। प्रतियोगिताओं का संचालन वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक धीरेंद्र सिंह रावत ने किया। वहीं, जानकारी दी गई कि चार दिवसीय जिलास्तरीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता रांसी स्टेडियम पौड़ी में आगामी एक अक्तूबर से आयोजित होगी।