शहर और आसपास के क्षेत्रों में आए तूफान से बैंग्वाड़ी गांव में एक मकान की छत उड़ गई। घटना के दौरान मकान के अंदर सोए सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। भिमली मल्ली गांव में तूफान से मंदिर गेट क्षतिग्रस्त हो गया।
पौड़ी-श्रीनगर मार्ग में सड़क से ऊपर पड़ने वाले बैंग्वाड़ी गांव में बृहस्पतिवार को आए आंधी तूफान से गांव मनोधर कुकशाल के मकान की छत उड़ गई। घटना के दौरान मनोधर प्रसाद और उसके परिजन घर के अंदर सोए हुए थे। गनीमत यह रही है तूफान ने छत को उड़ाकर दूसरी तरफ फेंक दिया। अन्यथा अनहोनी भी हो सकती थी। मनोधर प्रसाद ने बताया कि छत उड़ने के बाद उन्होंने कमरे में रखा सामान रात में ही दूसरी जगह रखा।
दूसरी तरफ भिमली मल्ली गांव में भी तूफान की चपेट में आने से नागराज मंदिर का गेट क्षतिग्रस्त हो गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष विमल ममगाईं, ग्राम प्रधान सुधीर उनियाल, ललित मोहन ममगाईं, रामस्वरूप ममगाईं ने बताया कि आंधी तूफान से रैलिंग को भी काफी नुकसान हुआ है।