कोटद्वार। जीएमओयू से टूरिस्ट बस को नियमित रूप से कोटद्वार से गुरुग्राम, दिल्ली के लिए संचालित किए जाने का रोडवेज कर्मचारियों विरोध किया। मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम पौड़ी को ज्ञापन भेजकर अनाधिकृत रूप से गुरुग्राम और दिल्ली के लिए संचालित की जा रही टूरिस्ट बस का संचालन रोकने और कार्रवाई करने की मांग की है।
शनिवार सुबह रोडवेज डिपो के सामने से होकर गुजर रही बस को रोडवेज डिपो के कर्मचारियों, चालकों और परिचालकों ने सड़क जाम की। उनका तर्क था कि जीएमओयू द्वारा इस बस को अनाधिकृत रूप से संचालित किया जा रहा है। रूट परमिट नहीं होने पर एक बस को तय समय और तय रूट पर संचालित नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शनकारियों ने बस को दिल्ली के लिए रवाना नहीं होने देने की बात कही। प्रदर्शन को देखते हुए बस में सवार यात्री बस से नीचे उतर आए। जिस पर बस को मौके से लौटना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने डीएम पौड़ी के नाम एक ज्ञापन स्थानीय प्रशासन को सौंपा, जिसमें बताया कि नियमानुसार परिवहन निगम के बस अड्डे से 500 मीटर के दायरे में कोई प्राइवेट वाहन संचालित नहीं हो सकता। फिर भी अनाधिकृत रूप से एक बस जीएमओयू से नोएडा के अंतर्गत सेक्टर 62, दिल्ली, गुरुग्राम के लिए चलाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों में जसविंदर सिंह, महेश चंद्र, खुर्शीद अली, महिपाल, जितेंद्र रावत, सुशील कुमार, राहुल डेविड, विनोद गुसाईं, देवेंद्र कुमार, रिहान अहमद शामिल रहे।
.
बस मालिक के पास ऑल इंडिया परमिट है। वह जीएमओयू के साथ सशर्त बस संचालन कर रहे हैं, जिसकी अनुमति जीएमओयू से प्रदान की गई है। रोडवेज कर्मियों का विरोध और आपत्ति तर्कहीन है।
- विजयपाल सिंह नेगी, महाप्रबंधक जीएमओयू कोटद्वार।