रामदयालपुर-सिगड्डी ग्रोथ सेंटर मुख्य मोटर मार्ग पर दिनोंदिन बढ़ रही समस्या
कण्वघाटी। भाबर के रामदयालपुर–सिगड्डी ग्रोथ सेंटर मुख्य मोटर मार्ग पर जगह-जगह सड़क धंसने के कारण गड्ढे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने लोनिवि से गड्ढों की मरम्मत कर समस्या का निवारण करने की मांग की है।
भाबर क्षेत्र के निवासी उद्यमी सुरेश ठाकुर, सुनील गुप्ता, साहिल, स्थानीय निवासी सुमन केष्टवाल, सुनील राणा, उमेश कुकसाल, जयप्रकाश कोटनाला, कविता डबराल, पंकज कपटियाल का कहना है कि रामदयालपुर से सिगड्डी ग्रोथ सेंटर के बीच मुख्य मोटर मार्ग पर सड़क धंसने से बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं।
मार्ग पर सिगड्डी ग्रोथ सेंटर स्थित कंपनियां होने के कारण सैकड़ों कर्मचारियों और श्रमिकों का आवागमन लगातार बना रहता है। गड्ढों की चपेट में आकर आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अचानक सड़क धंसने से होने वाले गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलटने का खतरा बना है। स्थानीय लोगों ने लोनिवि से गड्ढों की मरम्मत कर समस्या के निवारण की मांग की है।
सड़क पर हुए गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे है। लोनिवि द्वारा शीघ्र गड्ढों की मरम्मत की जानी चाहिए। - अजय धूलिया, स्थानीय निवासी।
.
सिडकुल में कंपनियां होने से मालवाहक वाहनों का आवागमन रहता है। सड़क पर गड्ढों के कारण इन वाहनों के पलटने का खतरा बना रहता है। - साहिल, प्लांट हेड।
मामला संज्ञान में नहीं है। शीघ्र मौके का निरीक्षण कर गड्ढों को भरवाया जाएगा। -निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा।