कोटद्वार। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से नेहरू युवा केंद्र पौड़ी की देखरेख में विकास क्षेत्र एकेश्वर में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोटखाल के खेल मैदान में मुख्य अतिथि निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य कोटा सीमा सजवाण ने कहा कि आज भी भारत गांवों में बसता है। गांव में छिपी हुई प्रतिभा को उभारने के लिए यहां खेल गतिविधियों को निरंतर बनाए रखते के लिए केंद्र सरकार प्रयासरत है। पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में युवा मंडल कुंडोली ने युवा मंडल ज्वालपा को पराजित किया। महिला वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में युवा मंडल कुंडोली ने युवा मंडल एकेश्वर को हराया।
महिला वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में सलोनी ने प्रथम, नेहा ने द्वितीय एवं शिल्पी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग की दौड़ में निखिल, दिव्यांशु एवं समीर क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय रहे। लंबी कूद प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में अरमान, निखिल, दिव्यांशु, महिला वर्ग में किरन, नेहा, साक्षी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे।
खो-खो एवं कबड्डी की विजेता टीम को खेल सामग्री की किट दी गई। निर्णायक की भूमिका में खेल शिक्षक राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोटखाल के विवेक प्रधान रहे। प्रतियोगिता में ग्राम एकेश्वर, ज्वालपा, जैंतोली, गोर्ली, श्रीकोटखाल आदि गांवों के युवा मंडलों के खिलाड़ी शामिल हुए। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी शैलेंद्र भट्ट की देखरेख में अतिथियों ने विजेता टीमों को मेडल, उपहार तथा प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। ममता नेगी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोटखाल के प्रधानाचार्य संजय रावत, निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य चहधार आरती नेगी एवं स्वयंसेवी नीलम आदि उपस्थित रहे।