कोटद्वार। सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कार्यकर्ता, प्रोन्नत पर्यवेक्षक संयोजक मंडल उत्तराखंड की पौड़ी जिला इकाई की बैठक शुक्रवार को व्यापार मंडल सभागार में महामंत्री गणेशी नेगी की अध्यक्षता और सचिव राजेंद्र सिंह रावत के संचालन में हुई। बैठक में पुनरीक्षित वेतनमान के एरियर पर नौ प्रतिशत ब्याज का भुगतान नहीं किए जाने पर सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए कुमाऊं मंडल की तर्ज पर सभी पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समान लाभ देने की मांग की गई। वक्ताओं ने बताया कि कुमाऊं मंडल के 15 कर्मचारियों को न्यायालय के आदेश पर एरियर सहित नौ प्रतिशत ब्याज मिला था। अन्य कर्मचारियों की याचिका पर हाईकोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला दिया, लेकिन सरकार की डबल बेंच में अपील के बाद निर्णय निरस्त हो गया। मामला सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा, जहां याचिका खारिज करते हुए पुनर्विचार का निर्देश दिया गया। कर्मचारियों ने सरकार से बिना भेदभाव सभी पात्र सेवानिवृत्त कर्मियों को एरियर पर नौ प्रतिशत ब्याज देने की मांग की। बैठक में गोदांबरी नैनवाल, सुमित्रा राणा, सरोज जखमोला, सुशीला पांडे, माया कुंवर, शकुंतला रावत, सरोजनी रावत, जयंती रावत, कुसुमलता, मुन्नी रावत, विमला ध्यानी, लक्ष्मी, रामेश्वरी बिष्ट, प्रेम सिंह नेगी और नंदा उनियाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।