आदिशक्ति मां भुवनेश्वरी मंदिर सांगुड़ा में मंदिर विकास मिशन का भोजनालय श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां भोजन उपलब्ध होने के साथ ही दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से बने उत्तराखंड के चारधाम, वाद्य यंत्र, आभूषण और गंगा आरती आदि के चित्र श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
मंदिर विकास मिशन के आजीवन सदस्य ग्राम कांडई निवासी सुतीक्ष्ण नैथानी ने बताया कि पौराणिक परंपराओं का अनुसरण करते हुए भोजनालय भवन का निर्माण करवाया गया है। मंदिर विकास मिशन अपनी संस्कृति के संरक्षण के लिए काम कर रहा है। उन्होंने भोजनालय के भीतर की चारों दीवारों पर उत्तराखंड की सांस्कृतिक भित्ती चित्रों का चित्रण करवाया। छोलिया नृतक एवं गांव के दृश्य, राज्य पक्षी मोनाल, राज्य पशु कस्तूरी मृग, ब्रह्मकमल, हरिद्वार और ऋषिकेश में होने वाली गंगा आरती, पारंपरिक बर्तनों में खाना बनाते सरोला, नंदा देवी राजजात यात्रा और उत्तराखंडी आभूषणों के चित्रों को उकेरा गया है। इससे स्थानीय और प्रवासी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते वक्त अपनी संस्कृति से तो रूबरू होंगे ही वे अपने बच्चों को भी इसकी जानकारी देंगे। मंदिर विकास मिशन के उपाध्यक्ष महेंद्र राणा का इसमें विशेष सहयोग मिल रहा है।