कर्मचारी रहने से कर रहे परहेज, संचार और बिजली की सुविधाएं भी अधूरी
दुगड्डा (कोटद्वार)। साझासैंण स्थित दुगड्डा ब्लॉक मुख्यालय में सुविधाओं के अभाव और रखरखाव की कमी से आवासीय भवन जर्जर होते जा रहे हैं। घने वन क्षेत्र में स्थित मुख्यालय में शाम ढलते ही सन्नाटा पसर जाता है। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से वन्यजीवों का खतरा बना रहता है। ऐसे में अधिकारी और कर्मचारी आवासीय भवनों में रहने से परहेज करते हैं।
कमला नेहरू वार्ड में स्थित पुराने ब्लॉक मुख्यालय में जगह की कमी के कारण चुनाव के दौरान नामांकन, मतदान और मतगणना के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता था। राज्य गठन के बाद तत्कालीन डीएम पीके सारंगी के निर्देश पर साझासैंण में काश्तकारों से 32 नाली भूमि खरीदी गई। इसके बाद वर्ष 2005-06 में नए ब्लॉक कार्यालय और आवासीय भवनों का निर्माण शुरू हुआ, जो वर्ष 2008-09 में तैयार हुए। तभी से कार्यालय का संचालन नए भवन में हो रहा है।
मुख्यालय में बीडीओ आवास के अलावा टाइप-1, टाइप-2 और टाइप-3 आवास बनाए गए हैं। सुविधाओं और सुरक्षा के अभाव में कर्मचारियों के नहीं रहने से भवनों की देखरेख नहीं हो पाई और वे खस्ताहाल होते चले गए। बीडीओ आवास में वर्तमान में बाल विकास परियोजना कार्यालय संचालित हो रहा है।
.
जनरेटर और संचार सुविधा भी नहीं
ब्लॉक मुख्यालय स्टेट हाईवे-9 पर दुगड्डा रेंज के सघन वन क्षेत्र में स्थित है। संचार सुविधा नहीं होने से दूसरे स्थानों से संपर्क करने में परेशानी होती है। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं है। पूर्व में लगाया गया जनरेटर लंबे समय से शोपीस बना है। कैंटीन की सुविधा नहीं होने से एक खस्ताहाल भवन में इसकी व्यवस्था की गई है। वहीं, पार्किंग के लिए मैदान का समतलीकरण नहीं होने से वाहन भी अव्यवस्थित ढंग से खड़े होते हैं।
.
आगामी जिला योजना में आवासीय भवनों की मरम्मत का प्रस्ताव रखा गया है। सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। बिजली कटौती की समस्या दूर करने के लिए नए जनरेटर की मांग की गई है। संचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
- बीडी रतूड़ी, बीडीओ दुगड्डा।