कोटद्वार। आईएचएमएस संस्थान के मैनेजमेंट विभाग की ओर से आयोजित योग कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को योग के माध्यम से निरोग रहने के गुर सिखाए गए।
योग कार्यशाला में मुख्य योग प्रशिक्षक भारत स्वाभिमान न्यास उत्तराखंड के राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमित सजवाण ने विद्यार्थियों को शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखने, स्मरण शक्ति व मानसिक विकास से संबंधित योगासन कराए। न्यास के कोटद्वार के युवा प्रभारी जितेंद्र काला एवं महिला पतंजलि की प्रतिनिधि सरिता रावत ने छात्र-छात्राओं को प्रणायाम, कपालभाती, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी आदि का अभ्यास कराया।
अमित सजवाण ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास अपने स्वास्थ्य के लिए समय नहीं है। अनियमित खानपान, जंक फूड स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहे हैं। बच्चों की नियमित दिनचर्या और योगा-प्रणायाम का अभ्यास निरोगी जीवन जीने में मदद करेगा। उन्होंने रोजाना कुछ समय योग को देने और भोजन में मौसमी फल और सलाद का अधिक उपयोग करने की अपील की।
कॉलेज के निदेशक बीएस गुसाईं, नरेश थपलियाल, सुरेंद्र सिंह जगवान, अनुराग सेमवाल, वीरेंद्र आर्य, डॉ. प्रवीन त्रिपाठी, हर्षपाल सिंह रावत आदि का सहयोग रहा। संचालन सहायक प्राध्यापक सपना रौथाण नेगी ने किया। संवाद