विनयखाल पटवारी क्षेत्र में डेढ़ वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांच अधिकारी को मिल गई है। रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने की पुष्टि हुई है। राजस्व पुलिस मामले में आरोपी का डीएनए टेस्ट कराएगी। साक्ष्य छुपाने के आरोप में मृत बच्ची की मां और नाना के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एक नेपाली महिला के साथ उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नूरपुर कस्बा (चांदपुर) निवासी सोनू (22) डेढ़ साल से रह रहा था। पांच मार्च की रात को युवक ने महिला की डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद युवक फरार हो गया था। बच्ची की मां और नाना ने शव को गुपचुप ढंग से गांव से दो किमी दूर शिवगढ़ी नामे तोक के जंगल में दफना दिया था। 11 मार्च को आरोपी को चमियाला बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया।
12 मार्च को राजस्व पुलिस ने बच्ची के दफनाए गए शव को बाहर निकालकर उसका पोस्टमार्टम और आरोपी का मेडिकल कराया था। आरोपी जेल में बंद है। मंगलवार को राजस्व पुलिस को मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। राजस्व उप निरीक्षक हरिकिशन कोहली ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने की पुष्टि हुई है। आरोपी का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। साक्ष्य छुपाने के आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।