उत्तराखंड के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण लेने के लिए बाहरी प्रदेशों में नहीं जाना पड़ेगा। खेल विभाग उत्तराखंड शासन व भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा रांसी में आधुनिक स्टेडियम तैयार कर रहा है। पौड़ी के रांसी में 1817 मीटर ऊंचाई पर बनाया जा रहा यह स्टेडियम एशिया में दूसरा है। इस तरह का एक स्टेडियम हिमाचल प्रदेश के सिलारू में तैयार किया गया है। करीब साढ़े पांच करोड़ की लागत से बन रहे स्टेडियम में न सिर्फ खिलाड़ी प्रशिक्षण लेेंगे, बल्कि यहां पर 40 खिलाड़ियों के लिए आवासीय व्यवस्था भी होगी।
उच्च प्रशिक्षण केंद्र में हर तरह की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए सबसे पहले एथलेटिक्स के लिए 400 मीटर का ट्रैक तैयार किया जा रहा है। स्टेडियम बनाने का काम मार्च तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां पर प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। स्टेडियम में घास लगाई जा रही है। कुछ समय बाद इसे दोबारा समतल करके ट्रैक का काम पूरा किया जाएगा। स्टेडियम में दर्शकों के लिए पेवेलियन भी बनाया गया है।
1976 के दौरान उत्तर प्रदेश शासन ने 145 नाली जमीन खेल विभाग को दी थी। इसके बाद स्टेडियम बनाया तो गया, लेकिन इस स्तर का नहीं था कि यहां पर ट्रेनिंग दी जा सके। हालांकि स्टेडियम में राज्य स्तरीय फुटबाल व क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए गए। इसके बाद स्टेडियम को आधुनिक बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी को 5 लाख 33 हजार की धनराशि जारी की गई। इससे बाउंड्री वाल व पेवेलियन सहित स्टेडियम को मेंटीनेंस का काम किया गया। अब स्टेडियम को खेल विभाग सौंपा गया है। पेवेलियन के लिए करीब 5 करोड़ की राशि स्वीकृति हो गई है, जिससे कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम स्टेडियम में सुविधाएं बढ़ाने का काम कर रही है।
कोट्स
पेवेलियन का काम लगभग पूरा हो चुका है। पेवेलियन में ट्रैक बनाया जा चुका है। अब फाइनल तौर पर इसे ठीक किया जाना है। पेवेलियन उत्तराखंड के उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए अच्छा होगा। उम्मीद है कि पेवेलियन से ट्रेनिंग लेकर अच्छे खिलाड़ी निकलेंगे।
-राजेश ममगांई, सहायक निदेशक, खेल विभाग, पौड़ी।