अभ्युदय क्लब ने असनखेत में किया ग्रामीण महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
लैंसडौन। अभ्युदय क्लब की ओर से असनखेत में चल रही ग्रामीण महिला क्रिकेट प्रतियोगिता रणाकोट गांव की टीम ने जीत ली है। सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में उसने जयहरीखाल को सात विकेट से पराजित किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन बीड़ीसी सदस्य विक्रांत खंतवाल, ग्राम प्रधान जयहरी प्रगति असवाल, महिपाल सिंह रावत, अभ्युदय संस्था की अध्यक्ष भावना वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। फाइनल मुकाबले में जयहरीखाल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 2 विकेट खोकर 48 रन बनाए। तनूजा और संगीता ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 1- 1 विकेट झटके।
निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी रणाकोट की टीम ने 6 ओवरों में 3 विकेट खोकर 49 रन बना कर 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। संपत्ति ने 2 व पायल ने 1 विकेट लिया। इससे पूर्व पहले सेमीफाइनल मुकाबले में डेरियाखाल ने निर्धारित 8 ओवरों में 4 विकेट में 54 रन बनाए। जयहरीखाल की टीम ने तीन विकेट में 56 रन बना यह मुकाबला 7 विकेट से जीता।
दूसरे सेमीफाइनल मैच में सिसल्डी ने निर्धारित 8 ओवरों में 8 विकेट में 36 रन बनाए। रणाकोट ने 3 ओवरों में ही 1 विकेट खोकर 38 रन बना मैच 9 विकेट से जीत लिया। रणाकोट से तनूजा ने 2 ओवर में 5 रन देकर 4 विकेट झटके। प्रतियोगिता में असनखेत, रणाकोट, सिसल्डी, जाख, जयहरीखाल, डेरियाखाल, बूचाखाल, मंझोला, महरगांव की महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व व्यक्तिगत मेडल प्रदान किए।