ग्रीष्मोत्सव-2016 के तहत आयोजित फुटबाल टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला गढ़वाल हीरोज के नाम रहा। गढ़वाल हीरोज ने पंजाब पुलिस को 5-3 से पराजित किया। मैच का निर्णय पैनाल्टी शूट आउट से हुआ।
कंडोलिया मैदान में आयोजित टूर्नामेंट का शुभारंभ पूर्व एमएलसी पीपीएस चौहान ने किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लेते हुए बॉल पर पहली किक मारकर गेम की शुरुआत की। गढ़वाल हीरोज व पंजाब पुलिस की टीमों के बीच शुरू से ही मुकाबला रोमांचक बना रहा।
गढ़वाल हीरोज की टीम के स्टार खिलाड़ी चार्ल्स ने पहले हाफ में एक गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ के मध्य में पंजाब पुलिस ने एक गोल कर अपनी टीम को बराबरी के स्कोर पर पहुंचा दिया। मैच के अंत तक दोनों ही टीमें बराबरी पर रहीं।
मुसलाधार बारिश के चलते मैच में अतिरिक्त समय नहीं दिया गया। मैच का निर्णय पैनाल्टी शूट आउट से हुआ। इसमें गढ़वाल हीरोज की टीम ने चार गोल दागे। जबकि पंजाब पुलिस की टीम दो गोल ही कर पाई।
मुख्य अतिथि ने टूर्नामेंट की विजेता टीम को अस्सी हजार का नकद पुरस्कार व ट्राफी दी। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, उप निदेशक खेल विभाग डा. धर्मेद्र भट्ट, सभाषद मनोज नेगी, विक्रम रावत, सुदर्शन सिंह, सुरेंद्र सिंह, योगेंद्र पटवाल, अतुल ममगाई, प्रवीन नेगी और राकेश रावत आदि थे।