कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी ने शुक्रवार को राजकीय बेस अस्पताल में चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक ली। उन्होंने अस्पताल में व्यवस्थाओं को और भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में हुई बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने अस्पताल की साफ-सफाई, सुरक्षाकर्मियों की उपलब्धता, बिजली आपूर्ति, लैब तकनीशियन एवं मानव संसाधन एवं अन्य व्यवस्थाओं व आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने अस्पताल में विभिन्न सेवाओं के एवज में लिए जाने वाले शुल्क से प्राप्त धनराशि के उपयोग, भुगतान एवं संबंधित वित्तीय व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का उचित एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों और पिछले कुछ समय में की व्यवस्थाओं से मरीजों व तीमारदारों को लाभ पहुंचने की जानकारी दी।
बैठक में डीएम पौड़ी स्वाति एस भदौरिया ऑनलाइन माध्यम से जुड़ीं। एडीएम फिंचाराम चौहान, एसडीएम कोटद्वार संदीप कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार भंडारी, कोषाधिकारी भुवनेश चंद्र, गणेश गौड़, विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र नेगी, प्रमोद केष्टवाल, रजत भट्ट आदि बैठक में शामिल हुए।