कोटद्वार (ब्यूरो)। ग्राम पदमपुर में बीमारी से तंग आकर एक महिला ने मौत को गले लगा लिया। महिला ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई थी। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस उपनिरीक्षक टीना रावत ने बताया कि पदमपुर निवासी धनेश्वरी देवी (50) पत्नी गजेंद्र सिंह काफी समय से बीमार चल रही थी। रविवार सुबह करीब तीन बजे उसने खुद को कमरे में बंद किया और केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके पति ने कमरे का दरवाजा तोड़ा और आग पर काबू पाया। इसके बाद उसने पड़ोसियों की मदद से उसे गंभीर झुलसी हालत में राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।