गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव के दौरान शहर क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्तिायों पर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने पोस्टर बैनर लगाए तो तहसील प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। इस संबंध में एसडीएम कार्यालय से नोटिस जारी किया गया है। जिसकी सूचना मुख्य चुनाव अधिकारी गढ़वाल विवि को भी दी गई है।
गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव के लिए विवि प्रशासन ने 10 अगस्त को अधिसूचना जारी की थी। जिस पर संभावित प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की ओर से चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया गया है। प्रत्याशी व उनके समर्थक जमकर प्रिंटेड सामग्री का प्रयोग कर रहे हैं।
एसडीएम रजा अब्बास ने बुधवार को नोटिस जारी कर शहर क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्तियों (सरकारी भवन, पोल, पेड़ों, दीवार) पर पोस्टर बैनर लगाए जाने पर सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश जारी किए हैं।
नोटिस के अनुसार प्रत्याशी या उसके समर्थकों द्वारा ऐसा किए जाने पर उत्तराखंड लोक संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियिम 2003 के तहत कार्रवाई किए जाने के साथ ही लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत कार्रवाई किए जाने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी को भी अवगत कराया जाएगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एसएस रावत ने कहा कि लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत चुनाव कराए जाएंगे। मुख्य नियंता प्रो. एचबीएस चौहान ने कहा कि परिसर में भवनों व अन्य स्थानों पर पोस्टर चिपकाने तथा दीवारों पर लिखे जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो