कोटद्वार। कोटद्वार के लालबत्ती चौक में घंटाघर निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने पर सियासत गरमा गई है। निवर्तमान कांग्रेसी पार्षदों और कांग्रेसियों के विरोध के बाद अब वीर बाला तीलू रौतेली विचार मंच और नागरिक मंच भी इसके विरोध में आ गए हैं। कई संगठन सोमवार को सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं।वीर बाला तीलू रौतेली विचार मंच के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को एसडीएम सोहन सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपकर विरोध किया है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काे भी ज्ञापन भेजा गया है। मंच की अध्यक्ष बीना रावत, सचिव महेंद्र सिंह रावत, भरत सिंह रावत, अर्जुन रावत, जयबीर रावत आदि ने कहा कि लालबत्ती चौराहे को नगर निगम की ओर से पूर्व में ही वीरबाला तीलू रौतेली चौक के नाम से स्वीकृत किया गया, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग के कारण मूर्ति नहीं लग सकी। कहा कि पहचान को बनाए रखने के लिए चौक को मूर्ति के लिए सुरक्षित रखा जाए। उधर, नागरिक मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी और महासचिव अतुल भट्ट ने भी घंटाघर के निर्माण को गैर जरूरी बताया। कहा कि इसके बजाय क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास होने चाहिए।