कोटद्वार। क्षेत्र की नदियों से चोरी-छिपे अवैध खनन किया जा रहा है। एसएसपी पौड़ी से अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश मिलने पर स्थानीय पुलिस ने अभियान चलाया। कोतवाल प्रदीप नेगी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कोटद्वार पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को खनन सामग्री के साथ पकड़ा। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली चालक से खनन सामग्री के संबंध में वैध अभिलेख एवं रॉयल्टी प्रपत्र दिखाने को कहा, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्राथमिक जांच में उपखनिज (पत्थर/बोल्डर) का परिवहन अवैध पाया गया। इस पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन में शामिल लोगों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद