कोटद्वार। शुक्रवार को एक पुलिस सिपाही ने बद्रीनाथ मार्ग से झंडाचौक की ओर आ रहे एक आटो चालक को डंडे से पीट दिया। चालक के साथ हुई मारपीट की सूचना जब अन्य आटो चालकों को मिली तो उन्होंने कोतवाल से सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई न होने पर आटो चालकों ने एसडीएम का घेराव किया और अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
सिद्धबली आटो एसोसिएशन के अध्यक्ष सतेंद्र सिंह रावत ने बताया कि उनकी यूनियन का एक आटो चालक शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बद्रीनाथ मार्ग स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर झंडाचौक की ओर आ रहा था। इसी दौरान जब वह कोतवाली के समीप तिराहे पर पहुंचा तो आटो के पास से निकल रहे दो बाइक सवार युवकों ने सड़क किनारे खड़े पुलिस सिपाही पर अभद्र टिप्पणी कर दी। इस पर पुलिस सिपाही को गुस्सा गया और उसने आटो चालक को रोक उसकी डंडे से पिटाई कर दी। चालक के साथ हुई मारपीट की सूचना जब अन्य आटो चालकों को मिली तो उन्होंने थाने में पहुंचकर कोतवाल से सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि कोतवाली में भी चालक को न्याय नहीं मिला और उनके साथ अभद्रता की गई। इसके बाद आक्रोशित आटो चालकों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी का घेराव किया और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संतोषजनक कार्रवाई न होने पर ऑटो चालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करते हुए तहसील में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। आटो चालकों के धरने को समर्थन देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक गौरव जोशी व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ नौडियाल ने कहा कि यदि प्रशासन आरोपी पुलिस सिपाही के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता तो छात्र संगठन एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करेगा। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी जेआर जोशी ने कहा कि आटो चालक से सिपाही की पहचान करवाई जा रही है। दोषी पाए जाने पर सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आटो की हड़ताल से लोग रहे परेशान
आटो यूनियनों के हड़ताल पर जाने से शुक्रवार सुबह से ही आटो नहीं चले। इससे कोटद्वार नगर से लेकर भाबर तक लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर सिद्धबली मेला शुरू होने से सिद्धबाबा के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन आटो चालकों की हड़ताल के कारण भक्तों को भी कई किमी पैदल चलना पड़ा।
फोटो समाचार
स्वास्थ्य मंत्री ने एसएसपी को दिए कार्रवाई के निर्देश
कोटद्वार। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने निर्दोष आटो चालक के साथ पुलिस द्वारा मारपीट की घटना पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी, सीओ, एएसपी सहित एसएसपी को शीघ्र ही आरोपी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपने कार्य व्यवहार में सुधार करना होगा ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास बना रहे।