कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाने को दिए दिशा निर्देश
कोटद्वार। अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी मुरुगेशन ने शनिवार को कोटद्वार कोतवाली का निरीक्षण किया। उन्होंने दर्ज मुकदमों, विवेचनाओं की स्थिति जानने के साथ साथ अभियुक्तों की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी की। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने कोतवाली पुलिस को व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाने के संबंध में जरूरी निर्देश दिए।
शनिवार सुबह कोतवाली पहुंचे एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी मुरुगेशन को जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उन्होंने कोतवाल प्रदीप नेगी से कोतवाली में की गईं व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर कोतवाली परिसर का भ्रमण किया। एडीजी ने हवालात, मालखाने और मैस पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। कार्यालय में अपराध रजिस्टर का अवलोकन करते हुए हिस्ट्रीशीटर के संबंध में जानकारी की।
एडीजी ने लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने, अभियुक्तों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिनोंदिन बढ़ते साइबर अपराध को थामने के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी की। कोतवाल ने बताया कि साइबर सेल त्वरित कार्रवाई कर साइबर अपराधियों तक पहुंचने के हरसंभव प्रयासों में जुटा है। उन्होंने कोतवाली परिसर में सीसीटीवी कैमरों के संबंध में जानकारी की और शहर में भी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को समय समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अपराध नियंत्रण में समाज के जिम्मेदार और प्रबुद्ध वर्ग से संपर्क बढ़ाने और उनसे सहयोग लेने के निर्देश दिए। एडीजी ने साइबर अपराध की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर लोगों को जागरूक करने और जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के भी निर्देश दिए।