पुलिस की तीन दिवसीय 14 वीं अंतर जनपदीय पुलिस एवं वाहिनी राइफल/रिवाल्वर शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को एसएसबी फायरिंग रेेंज धोबीघाट में हुआ। प्रतियोगिता मे्ं 20 टीमों के 264 अधिकारी व कर्मचारी प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन आयोजित 100 गज रायफल शूटिंग में नारायण गिरी (31बटालियन) व 200 गज में कांस्टेबल नरेंद्र सिंह आईआरबी रामनगर प्रथम स्थान पर रहे।
उद्घाटन अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक पीएसी अमित सिन्हा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य है कि पुलिस के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करें। सिन्हां ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलता है।
विभाग का प्रयास है कि उनके खिलाड़ी अधिक से अधिक संख्या में ओलंपिक में प्रतिभाग करें। सिन्हा ने बताया कि जल्द ही प्रदेश के एक और जनपद में पुलिस विभाग का फायरिंग रेंज स्थापित होने जा रहा है।
एसएसपी पौड़ी ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी जनपदों की 13 टीम, पांच वाहनियां, दो एटीसी व एक एसडीआरएफ सहित 20 टीमों के 264 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार को प्रतियोगिता के तहत 100 व 200 रायफल शूटिंग स्पर्धा हुई।
100 गज में नारायण गिरी 31 बटालियन प्रथम व प्लाटून कंमाडर नीरज 40 पीएससी द्वितीय स्थान पर रहे। 200 गज में नरेंद्र सिंह आईआरबी रामनगर प्रथम व कमलेश नेगी आईआरबी हरिद्वार दूसरे स्थान पर रहे।