धुमाकोट। विकासखंड नैनीडांडा के अंतर्गत तहसील धुमाकोट में बुधवार को जन जन की सरकार, जन जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
तहसील प्रांगण में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ओर से स्टाॅल लगाई गईं। साथ ही जनता की शिकायतों की सुनवाई कर उनका समाधान किया गया। एडीएम अनिल गब्रयाल, एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला ने आमजन की शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण किया और निस्तारण से छूटीं शिकायतों व समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।
ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख रेखा रावत, जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी ने सरकार की योजनाओं के संबंध में चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों से इन योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की अपेक्षा की। ब्लाॅक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी ने विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता की शिकायतों को तुरंत हल करना उनका नैतिक दायित्व है।