सड़क पर बहता रहा गंदा पानी, आवागमन और कारोबार प्रभावित
कोटद्वार। शहर की सीवर लाइन चोक होने का खामियाजा आम आदमी और समाज के कई वर्गों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं, सीवर लाइन को खोलने और चैंबर की मरम्मत के लिए झंडाचौक से रेलवे स्टेशन के बीच सड़क से आवागमन बंद किए जाने से भी लोग परेशान रहे।
शहर में अलग-अलग जगहों सीवर लाइन चोक पड़ी है। गत सप्ताह रेलवे स्टेशन से सटे गोविंद नगर की गुरुद्वारा वाली गली में नई इंटरलॉक सड़क को उखाड़कर चोक सीवर लाइन की सफाई की गई थी। अब रेलवे रोड पर सैनिक विश्राम गृह और मालिनी मार्केट गेट के सामने सीवर लाइन चोक होने के कारण गंदे पानी की निकासी अवरुद्ध होने से शहरवासी परेशान हैं।
सीवर लाइन को खोलने के लिए फिर से काम शुरू किया गया है। रेलवे रोड पर मशीन और पंप लगाकर सीवर लाइन में एकत्र पानी को निकाला जा रहा है। मंगलवार दोपहर से गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। लगातार दूसरे दिन पंप लगा रहा और पानी सड़क पर बहता रहा। इससे क्षेत्रवासी एवं दुकानदार परेशान रहे। लोगों की पैदल आवाजाही बंद रही और दोपहिया वाहन पर लोग बिना रुके गुजर गए।
वन-वे किया रेलवे रोड, बस संचालन प्रभावित
चोक सीवर लाइन खोलने के लिए हनुमान मंदिर के निकट अवरोधक लगाकर रेलवे रोड से भारी वाहनों का संचालन बंद किया गया। इससे रोडवेज बसों को लालबत्ती से ही डिपो पहुंचना पड़ा। डिपो भवन का निर्माण होने से बसें सड़क से ही संचालित हो रही हैं। एक साथ कई बसों के पहुंचने और पर्याप्त स्थान नहीं होने से बसें जाम में फंसी रहीं। इससे भी लोग परेशान रहे और दुकानदारों का कामकाज प्रभावित हुआ।
लालबत्ती से ही संचालित हुईं कुछ बसें
रामनगर जाने वाली बस को लालबत्ती से ही संचालित होने की अचानक उद्घोषणा होने पर डिपो में प्रतीक्षा कर रहे यात्री लालबत्ती चौक की ओर दौड़े। वहीं, डिपो क्षेत्र में जाम के कारण कई बसें लालबत्ती से ही संचालित हुईं।