भाबर के जशोधरपुर औद्योगिक आस्थान स्थित एक फैक्ट्री में निरीक्षण करती प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की
- फोटो : KOTDWAR
किशनपुर । भाबर के जशोधरपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित स्टील फैक्ट्रियों में सोमवार को स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों ने छापा मारकर प्रदूषण की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने कई जगहों पर रेस्पिरेबल डस्ट सैंपलर संयंत्र लगाया, जिससे फैक्ट्रियों द्वारा हो रहे प्रदूषण की जांच की जा सके। पीसीबी की कार्रवाई से स्टील फैक्ट्रियों के प्रबंधन में हड़कंप मचा रहा।
जशोधरपुर, हल्दूखाता और आसपास के ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव उद्योग मनीषा पंवार के आदेश पर सोमवार को स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारी जशोधरपुर इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे। बोर्ड के प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक देहरादून अमित पोखरियाल के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने फैक्ट्रियों में औचक निरीक्षण किया तो फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप मच गया। बताया कि कुछ माह पूर्व ग्रामीणों ने क्षेत्र भ्रमण पर आई प्रमुख सचिव मनीषा पंवार से अपनी समस्या बताई थी। इसमें फैक्ट्रियों द्वारा मानकों के विपरीत संचालन और बहुत अधिक प्रदूषण फैलाने की शिकायत की गई थी। प्रमुख सचिव के निर्देश पर पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड उत्तराखंड की टीम ने पौद्दार स्टील, हिमगिरी स्टील, मातेश्वरी स्टील, सूमो स्टील, श्रीसिद्धबली सरिया फैक्ट्रियों में जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद मनीष भट्ट, स्थानीय ग्रामीण अनिल बडोला, रितेश कुमार, देशबंधु गढ़वाली ने अधिकारियों से फैक्ट्रियों की मनमानी के कारण खतरनाक प्रदूषण फैलाने की बात कही। क्षेत्रीय प्रबंधक अमित पोखरियाल ने कहा कि निरीक्षण के दौरान फैक्ट्रियों में खामियां पाई गई हैं, हर फैक्ट्री में स्लैग कूटने के ड्रम पाए गए हैं। उनके खिलाफ उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। निरीक्षण करने वाली टीम में एएसओ सुंदर सिंह चौहान, राकेश कंडारी आदि शामिल रहे।
दीपक सुयाल