कोटद्वार। अल्मोड़ा के हेमवंती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय योगासन प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, चार रजत और सात कांस्य सहित कुल 14 पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता 8 से 10 अक्तूबर तक आयोजित हुई। अंडर-19 बालिका वर्ग में प्रियांशी और सोनाक्षी की जोड़ी ने रिदमिक पेयर में स्वर्ण पदक जीता, जबकि यशिका नेगी ने ट्रेडिशनल योगासन में कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग में प्रियांशु और सागर की जोड़ी ने रिदमिक पेयर में स्वर्ण पदक जीता। प्रियांशु ने ट्रेडिशनल योगासन और आर्टिस्टिक सोलो में कांस्य पदक प्राप्त किए।
अंडर-17 बालिका वर्ग में मेघा ने ट्रेडिशनल योगासन में रजत, जबकि मेघा और आरुषि की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर में कांस्य पदक जीता। अंडर-14 बालक वर्ग में करन और विभोर की जोड़ी ने रिदमिक पेयर में स्वर्ण और आर्टिस्टिक पेयर में रजत पदक हासिल किया। विभोर ने आर्टिस्टिक सोलो में रजत और करन ने ट्रेडिशनल योगासन में कांस्य पदक जीता।
अंडर-14 बालिका वर्ग में राधिका और भूमिका की जोड़ी ने रिदमिक पेयर में पदक हासिल किया। कशिश ने आर्टिस्टिक सोलो में रजत, जबकि अंशिका और अंशिका रावत की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर में कांस्य पदक जीता।
टीम की सफलता पर मैनेजर राकेश कंडवाल, प्रभारी हेमंत कुमार और कोच जितेंद्र धस्माना व मंजू ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।