कोटद्वार। रोडवेज डिपो प्रशासन ने बुधवार पटियाला और नोएडा की बस सेवा को रद्द कर दिया। मंगलवार को भी पटियाला की बस हरिद्वार पहुंचकर खराब हो जाने से बस सेवा रद्द कर दी गई थी। ढुलमुल व्यवस्था का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं, कई चालकों-परिचालकों में भी असंतोष है।
बुधवार को कोटद्वार से यूपी की फिल्म सिटी नोएडा और पंजाब के पटियाला की बस सेवा को रद्द कर दिया गया। बसें उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को भटकना पड़ा। यात्रियों सोरन सिंह व शैलेंद्र बिष्ट ने आए दिन बसें रद्द किए जाने से बस संचालन का ढर्रा बिगड़ने की शिकायत निगम मुख्यालय में करने की बात कही।
मंगलवार को भी कोटद्वार से पटियाला के लिए रवाना की गई रोडवेज बस में हरिद्वार पहुंचकर तकनीकी खराबी आ गई जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी। बस को हरिद्वार में रोक लिया गया और मरम्मत के बाद बस को वापस कोटद्वार लाया गया। बस संचालन की स्थिति में सुधार करने और कर्मचारियों के बीच भेदभाव की स्थिति न बनने देने की यूनियन नेताओं ने डिपो अधिकारियों से मांग की। एआरएम अनुराग पुरोहित ने बताया कि पटियाला और नोएडा रूट पर यात्रियों के अभाव के कारण दिल्ली रूट पर बसें लगाई गई हैं।
बदरीनाथ जाएगी रोडवेज की एक बस
कोटद्वार डिपो से रोडवेज की एक बस मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ योजना के तहत बृहस्पतिवार सुबह 7:00 बजे 38 यात्रियों को लेकर बदरीनाथ यात्रा पर जाएगी। एजीएम अनुराग पुरोहित ने बताया कि इस योजना के तहत निशुल्क यात्रा होगी, जिसके लिए पर्यटन विभाग में पंजीकरण कराना होगा। रोडवेज डिपो का काम केवल बस उपलब्ध कराना है।
.
जारी
चरनजीत सिंह