सतपुली नयारघाटी में एडवेंचर फेस्टिवल का ट्रायल शुरू
अगले सप्ताह क्याकिंग सहित अन्य खेलों की होगी ट्रायल
सतपुली (कोटद्वार)। नयारघाटी के बिलखेत में पर्यटन और जिला प्रशासन की पहल में फरवरी में प्रस्तावित नयार घाटी एडवेंचर फेस्टिवल की तैयारियां शुरू हो गई है। ये ट्रायल रविवार तक जारी रहेंगे। अगले सप्ताह क्याकिंग सहित अन्य खेलों की ट्रायल होगी।
पर्वतीय पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में शुक्रवार को नयार घाटी स्थित बिलखेत का आसमान उस समय रोमांच से भर उठा जब हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स, देहरादून के दल ने पैराग्लाइडिंग की ट्रायल उड़ानें भरी। पैराग्लाइडर्स को लीड कर रहे एडवेंचर एक्सपर्ट अजय कंडारी ने बताया कि फरवरी में होने वाले नयार घाटी एडवेंचर फेस्टिवल में राष्ट्रीय स्तर का मेगा पैराग्लाइडर्स फेस्टिवल आयोजित होगा।
राज्य सरकार और जिला प्रशासन नयारघाटी को एडवेंचर स्पोर्ट्स और खासकर पैराग्लाइडिंग को देश के पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए प्रयासरत है। युवाओं को इसकी ट्रेनिंग देकर रोजगार एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एडवेंचर फेस्टिवल किया जा रहा है। पैराग्लाइडिंग के ट्रायल्स रविवार तक जारी रहेंगे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि ट्रायल्स होने से स्थानीय युवाओं को एडवेंचर स्पोर्ट्स से जोड़ने के साथ–साथ प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं पर्यटन को बढ़ावा पर भी काम किया जाएगा।