फोटो
श्रीनगर। सतपुली में युवक की आत्महत्या के प्रकरण को लेकर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने आक्रोश जताया और गोला पार्क में सभा की। वक्ताओं ने पंकज (20) को श्रद्धांजलि अर्पित की और पुलिस अत्याचारों पर रोक लगाने की मांग उठाई। सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पंकज की आत्महत्या के पीछे पुलिस की ओर से की गई कथित ज्यादतियां जिम्मेदार हैं। राज्य आंदोलनकारी प्रभाकर बाबुलकर ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस पर आम जनता के साथ अमानवीय व्यवहार के आरोप लग रहे हैं। राज्य आंदोलनकारी एवं कर्मचारी नेता राजेंद्र रावत ने दिवंगत युवक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सुखदेव पंत ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकेश सेमवाल ने किया। इस दौरान भरत सिंह असवाल, एआईडीएसओ की मोनिका चौहान, निशा, राजदीप, अमित आदि मौजूद रहे। संवाद