18वें दिन भी धरने पर डटे क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधियों पर वादाखिलाफी का आरोप
कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के कंचनपुरी हल्दूखाता में प्रस्तावित ट्रंचिंग ग्राउंड के विरोध में क्षेत्रवासियों का सत्याग्रह सोमवार को 18वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लेते हुए मेयर शैलेंद्र रावत का पुतला फूंकने का निर्णय लिया। वहीं, क्षेत्रवासियों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की गई।
सोमवार को हुई धरना सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब मेयर शैलेंद्र रावत कांग्रेस में थे, तब उन्होंने कंचनपुरी में ट्रंचिंग ग्राउंड बनाए जाने का विरोध किया था और जनता से भी इसका विरोध करने का आह्वान किया था। वक्ताओं का आरोप था कि क्षेत्र की जनता ने उन पर भरोसा जताकर उन्हें मेयर चुना लेकिन अब वह ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण के पक्ष में खड़े दिखाई दे रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि करीब 13 करोड़ रुपये की इस परियोजना को लागू कराने के लिए पूरी ताकत लगाई जा रही है।
धरना सभा में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक जब मेयर से मिलने पहुंचे तो उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। वक्ताओं ने कहा कि जनभावनाओं की अनदेखी करने वाले जनप्रतिनिधियों का असली चेहरा जनता के सामने लाना जरूरी है। गुस्साए लोगों ने मेयर का पुतला फूंकने का निर्णय लिया। प्रदर्शनकारियों में उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष नरेश धस्माना, नगर अध्यक्ष गणेश रावत, रेखा भंडारी, गीता देवी, शिवानी धूलिया, मीनाक्षी देवी सहित 46 महिलाएं शामिल रहीं।