कालागढ़ में उत्तराखंड विद्युत अधिकारी व कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में अधिकारियों व कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी कर विद्युत संशोधित बिल 2020 को लेकर विरोध जताया। बिल को वापस लेकर निरस्त करने की मांग के साथ उपमहाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया।
कालागढ़ में रामगंगा जलविद्युत निगम के महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में बृहस्पतिवार को उत्तराखंड विद्युत अधिकारी व कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों ने विद्युत संशोधित बिल 2020 का विरोध किया। वक्ताओं ने कहा कि उक्त बिल के माध्यम से विद्युत विभाग का निजीकरण करने की साजिश रची जा रही है। ऊर्जा कामगार संगठन से जुड़े आनंद सिंह रावत, पावर जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन के विपिन तोमर, राधेश्याम पाठक आदि वक्ताओं ने बिल को बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के हितों के प्रतिकूल बताया। कहा कि संगठन निजीकरण बर्दाश्त नहीं करेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पावर अभियंता संघ के तनवीर अहमद ने व संचालन पावर जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन के योगेश कुमार ने किया। इस अवसर संगठन की ओर से उपमहाप्रबंधक विमल कुमार को बिल वापस लेकर निरस्त करने की मांग के साथ उनके कार्यालय में जाकर ज्ञापन सौंपा।