द्वारीखाल ब्लाक के बिचला ढांगू-तीन में एक व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस ने शव खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजस्व उपनिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जाखणीखाल तहसील के मल्ला ढांगू पट्टी-दो के बड़ेथ गांव निवासी भारतभूषण ने उन्हें उनके भाई दाताराम (57) की पैर फिसलने से खाई में गिरने और मौके पर ही मौत होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही राजस्व उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह सैनी और नरेंद्र सिंह रावत के साथ वह घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों, परिजनों की सहायता से शव को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए चैलूसैंण अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।