कोटद्वार। कोटद्वार बेस अस्पताल में कोरोना संक्रमित दो स्टाफ नर्सों के सीधे संपर्क में आए एक महिला डॉक्टर और दो स्वास्थ्य कर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। इसके साथ ही भाबर क्षेत्र में एक महिला पर कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
शनिवार को बेस अस्पताल में दो स्टाफ नर्सों के कोरोना संक्रमित होने के बाद रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अस्पताल के कुछ स्वास्थ्य कर्मियों का एंटीजन रेपिड टेस्ट कराया गया। इसमें एक महिला डॉक्टर और दो अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। तीनों को आइसोलशन वार्ड में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। अस्पताल में भर्ती 31 मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिए गए हैं।
उधर, भाबर क्षेत्र के जशोधरपुर में एक स्टील प्लांट में महिला सफाई कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने फैक्ट्री में कार्य कर रहे सभी 60 श्रमिकों को आइसोलेट कर उनकी एंटीजन रेपिड टेस्ट करना शुरू कर दिया है। सीएमओ पौड़ी डॉ. मनोज बहुखंडी ने बताया कि बेस अस्पताल के सभी स्वास्थ्य कर्मियों का एंटीजन रेपिड टेस्ट कराया जा रहा है। रविवार को हुए टेस्ट में एक महिला डॉक्टर सहित दो अन्य कर्मचारियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।