बदमाशों ने दिन दहाड़े रेलवे स्टेशन के डाकघर में रुपये जमा कराने पहुंचे एक पूर्व सैनिक के बैग से करीब डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि शिवपुर निवासी पूर्व सैनिक लोकमणी डोबरियाल ने तहरीर में बताया कि घटना एक सितंबर की है। वह बदरीनाथ मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक के अपने खाते से डेढ़ लाख रुपये निकालकर लाए और इस पैसे को उन्होंने बैग में रख लिया। इसके बाद वह रेलवे स्टेशन के पोस्ट ऑफिस में आरडी की धनराशि जमा करवाने के लिए पहुंचे। डाकघर की खिड़की पर जैसे ही धनराशि जमा करवाने के लिए उन्होंने अपना बैग खोला तो बैग से रखी धनराशि गायब मिली। जांच करने पर बैग के नीचे का हिस्सा कटा हुआ मिला। उन्होंने आशंका जताई कि बैंक से बाहर निकलते ही चोर उनका पीछा कर रहे थे। रास्ते में या पोस्ट ऑफिस में वे रुपये उड़ाकर फरार हो गए। बता दे कि कोटद्वार क्षेत्र में बीते एक माह में इस तरह की तीन घटनाएं हो चुकी हैं।